Amu News 1 जूनः अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के वनस्पति विज्ञान विभाग के प्रो. शम्सुल हयात को पादप विज्ञान अनुसंधान के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए दो प्रतिष्ठित वैज्ञानिक संस्थाओं की फेलोशिप से सम्मानित किया गया है।
प्रो. हयात को विश्व की सबसे पुरानी और प्रतिष्ठित जैविक वैज्ञानिक संस्थाओं में से एक लिनियन सोसाइटी ऑफ लंदन (एफएलएस) का फेलो चुना गया है। इसके साथ ही उन्हें पादप विज्ञान के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान के लिए सोसायटी फॉर प्लांट रिसर्च (एफएसपीआर) का फेलो भी निर्वाचित किया गया है।

पादप शरीर क्रिया विज्ञान, पादप वृद्धि नियामकों, तनाव जीवविज्ञान तथा सतत कृषि के क्षेत्र में अपने अग्रणी शोध कार्यों के लिए प्रसिद्ध प्रो. हयात ने पर्यावरणीय चुनौतियों के प्रति पौधों की प्रतिक्रियाओं को समझने में उल्लेखनीय योगदान दिया है। उनके व्यापक शोध प्रकाशन, पुस्तकों तथा युवा वैज्ञानिकों के मार्गदर्शन ने उन्हें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विशेष पहचान दिलाई है।
वर्तमान में प्रो. हयात पोलैंड में विजिटिंग प्रोफेसर के रूप में कार्यरत हैं, जहां वे अध्यापन, शोध और वैज्ञानिक सहयोग से जुड़े कार्य कर रहे हैं। उनके प्रयास अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक साझेदारी और ज्ञान के आदान–प्रदान को और अधिक सुदृढ़ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।