मेजर ध्यानचंद लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड मिलने पर एएमयू ने ओलंपियन जफर इकबाल को दी बधाई

अलीगढ़, 30 मार्च: अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय समुदाय ने अपने विशिष्ट पूर्व छात्र और भारतीय हॉकी टीम के पूर्व कप्तान जफर इकबाल को ‘मेजर ध्यानचंद लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड 2025’ से सम्मानित किए जाने पर हार्दिक बधाई दी है।

जफर इकबाल 1980 मॉस्को ओलंपिक में भारत की स्वर्ण पदक विजेता टीम के प्रमुख सदस्य रहे और बाद में उन्होंने भारतीय टीम की कप्तानी भी की, जिसमें 1984 लॉस एंजेलिस ओलंपिक शामिल है। उन्होंने वर्षों तक कोच, चयनकर्ता और मार्गदर्शक के रूप में भी भारतीय हॉकी की सेवा की है।

इस प्रतिष्ठित सम्मान पर बधाई देते हुए एएमयू की कुलपति प्रो. नइमा खातून ने कहा कि यह उपलब्धि पूरे एएमयू समुदाय के लिए अत्यंत गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि जफर इकबाल का प्रेरणादायक करियर, जो नेतृत्व, समर्पण और खेल उत्कृष्टता से परिपूर्ण है, आने वाली पीढ़ियों के खिलाड़ियों को निरंतर प्रेरित करता रहेगा.

विश्वविद्यालय और अलीग समुदाय की ओर से एलुमनी अफेयर्स कमेटी के अध्यक्ष प्रो. सरताज तबस्सुम ने भी उन्हें हार्दिक बधाई दी और इस सम्मान को जफर इकबाल के खेल के प्रति आजीवन समर्पण का उपयुक्त सम्मान बताया।

जफर इकबाल ने जाकिर हुसैन कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी, एएमयू से बी.एससी. इंजीनियरिंग की डिग्री प्राप्त की है। उन्हें अर्जुन पुरस्कार (1983), यश भारती पुरस्कार (1994) और पद्मश्री (2012) सहित कई प्रतिष्ठित सम्मानों से नवाजा जा चुका है।

एएमयू समुदाय ने उनकी इस उपलब्धि पर गर्व व्यक्त करते हुए उनके उत्तम स्वास्थ्य और निरंतर सफलता की कामना की है।