सीवान पटाखा विस्फोट में 5 की मौत, मृतकों की पहचान में सुधार; मुस्कान सिद्दीकी की तलाश जारी
Siwan News बिहार के सीवान जिले के जामो बाजार थाना क्षेत्र के आलमपुर गांव में अवैध रूप से पटाखे बनाने के दौरान हुए विस्फोट को लेकर पुलिस ने नया अपडेट जारी किया है। सीवान पुलिस की 24 अक्टूबर 2026 की संशोधित प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, हादसे में पांच लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। वहीं, करीब 21 वर्षीय मुस्कान सिद्दीकी अब भी लापता हैं। पुलिस उनकी तलाश कर रही है।
मृतक की पहचान में हुआ सुधार
पुलिस के मुताबिक, विस्फोट 23 अक्टूबर को हुआ था। शुरुआत में शव की स्थिति अत्यधिक क्षतिग्रस्त होने के कारण एक मृतक की पहचान गलत हो गई थी। बाद में जांच में स्पष्ट हुआ कि मृतक मुस्कान सिद्दीकी नहीं, बल्कि करीब 20 वर्षीय इशरत सिद्दीकी हैं।
पुलिस ने मृतकों की पहचान अमरुद्दीन अहमद (करीब 70 वर्ष), इशरत सिद्दीकी (करीब 20 वर्ष), खुशबू सिद्दीकी (करीब 10 वर्ष), अरशद सिद्दीकी (करीब 8 वर्ष) और राजकुमार उर्फ भोला के रूप में की है। राजकुमार उर्फ भोला सीवान जिले के सदरपुर गांव के निवासी बताए गए हैं।
मुस्कान सिद्दीकी की तलाश जारी
संशोधित प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, करीब 21 वर्षीय मुस्कान सिद्दीकी, जिनके पिता मरहूम आजाद हैं, घटना के बाद से लापता हैं। अब तक उनके बारे में कोई ठोस जानकारी नहीं मिली है और घटनास्थल से उनका शव भी बरामद नहीं हुआ है। पुलिस उनकी तलाश में लगातार जुटी हुई है।
घटनास्थल से पटाखे बरामद
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं। जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक और अनुमंडल पदाधिकारी, महाराजगंज ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। राहत एवं बचाव कार्य में अग्निशमन विभाग, बिजली विभाग, डॉग स्क्वॉड और मेडिकल टीम को भी लगाया गया। फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम ने घटनास्थल की वैज्ञानिक जांच कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए।
पुलिस के अनुसार, घटनास्थल के आसपास से पटाखे बरामद किए गए हैं, जिनका नियमानुसार निस्तारण किया जा रहा है। सभी पांच शवों की इंक्वेस्ट प्रक्रिया पूरी कर पोस्टमार्टम कराया गया है।
जामो बाजार थाने में नए थानाध्यक्ष की नियुक्ति
सीवान पुलिस ने बताया कि जामो बाजार थानाध्यक्ष के निलंबन के बाद पुलिस अवर निरीक्षक कृष्ण कुमार को नया थानाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। मामले की जांच और आगे की कार्रवाई जारी है।
26 साल पहले भी इसी घर में हुआ था विस्फोट
गौरतलब है कि Hind Rashtra ने 24 अक्टूबर को प्रकाशित अपनी पिछली रिपोर्ट में बताया था कि आलमपुर गांव के जिस घर में यह विस्फोट हुआ, वहां ग्रामीणों के अनुसार करीब 26 साल पहले भी पटाखे बनाते समय विस्फोट हुआ था। उस पुराने हादसे में भी जान जाने की बात सामने आई थी। ग्रामीणों ने घर में लंबे समय से पटाखे बनाए जाने का दावा किया था।
पिछली खबर पढ़ें: सीवान पटाखा ब्लास्ट: 26 साल पहले भी इसी घर में हुआ था विस्फोट, बेटे की गई थी जान