एएमयू छात्रसंघ चुनाव में मोहम्मद नोमान अशरफ अध्यक्ष और नशरा नईम उपाध्यक्ष व मोहम्मद हमदान सचिव निर्वाचित

अलीगढ़, 6 नवंबरः अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय में 5 नवंबर को हुए मतदान के बाद शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय छात्रसंघ (एएमयूएसयू), वीमेंस कॉलेज छात्रसंघ (डब्ल्यूसीएसयू) और एएमयू कोर्ट के छात्र प्रतिनिधियों के चुनाव परिणाम रात भर चली मतगणना के बाद आज प्रातः काल घोषित कर दिए गए हैं।

मोहम्मद नोमान अशरफ 7,797 वोट हासिल कर एएमयूएसयू के अध्यक्ष निर्वाचित हुए, जबकि नशरा नईम ने 7,091 वोटों के साथ उपाध्यक्ष पद पर जीत दर्ज की। मोहम्मद हमदान 8,385 वोट प्राप्त कर मानद सचिव चुने गए।

एएमयूएसयू के दस निर्वाचित कैबिनेट सदस्यों में मुहम्मद अहमद खान (10,794 वोट), हानिया खान (8,266), अरीबा दिलशाद (7,091), शाजिया शमीम (6,332), मुहम्मद मोहसिन के. (6,267), मुहम्मद मुर्शिद के. (5,644), अरसलान खान (4,680), अनिका रुम्मान राही (4,498), शाहीन परवीन (4,098) और मोहम्मद फैज (4,035) शामिल हैं।

वीमेंस कॉलेज छात्रसंघ के चुनाव में अनम रियाज 806 वोट हासिल कर अध्यक्ष निर्वाचित हुईं, जबकि आयशा खान ने 1,090 वोटों के साथ उपाध्यक्ष पद पर जीत हासिल की। मरियम जान 862 वोट प्राप्त कर मानद सचिव चुनी गईं।

वीमेंस कॉलेज छात्रसंघ की आठ कैबिनेट सदस्य भी निर्वाचित हुईं। इनमें जुवेरिया रहमान 1,485 वोटों के साथ पहले स्थान पर रहीं। उनके बाद अमीना खानम (1,445), हिबा मनाल (1,325), सबीहा (1,251), जकिया मुर्तजा (1,124), खुशबू परवीन (1,118), मेहविश (1,081) और फातिमा हसन (1,079) शामिल हैं।

एएमयू कोर्ट के चुनाव में विभिन्न संकायों और संकाय समूहों से 11 छात्र प्रतिनिधि निर्वाचित हुए। इनमें चिकित्सा संकाय से मोहम्मद कैफ (1,147 वोट), यूनानी चिकित्सा संकाय से अमीना फैजान (216), विज्ञान संकाय से शहंशाह खान (941), जीव विज्ञान संकाय से मोहम्मद राफे (383), इंजीनियरिंग एवं प्रौद्योगिकी संकाय से मोहम्मद कुमैल अशरफ (1,384), विधि संकाय से मोहम्मद हमजा अंसारी (321), प्रबंधन अध्ययन एवं अनुसंधान तथा अंतर्राष्ट्रीय अध्ययन संकायों से मोहम्मद अहसन उस्मानी (241), कृषि विज्ञान, धर्मशास्त्र और के.ए. निजामी कुरआन अध्ययन केंद्र से मोहतशिम एजाज सानी (294), सामाजिक विज्ञान संकाय से अब्दुल बासित सिद्दीकी (743), कला संकाय से कफील उल हक (495) और वाणिज्य संकाय से इल्मा मशरूफ (336) शामिल हैं।

इस वर्ष के चुनावों की एक विशेष उपलब्धि छात्राओं की उल्लेखनीय भागीदारी और प्रतिनिधित्व रहा। नशरा नईम ने उपाध्यक्ष पद पर जीत हासिल की, जबकि एएमयूएसयू की दस सदस्यीय कैबिनेट में पांच छात्राएं निर्वाचित हुईं। एएमयू कोर्ट के छात्र प्रतिनिधियों के रूप में भी दो छात्राओं अमीना फैजान और इल्मा मशरूफ ने जीत दर्ज की। वीमेंस कॉलेज छात्रसंघ में नए पदाधिकारियों के साथ आठ कैबिनेट सदस्य भी निर्वाचित हुईं। यह परिसर की लोकतांत्रिक गतिविधियों में छात्राओं की सक्रिय भागीदारी को दर्शाता है।

एएमयूएसयू और एएमयू कोर्ट चुनाव के मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रो. जावेद तालिब तथा वीमेंस कॉलेज छात्रसंघ चुनाव की मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रो. नाजिया हसन ने चुनाव परिणाम घोषित किए।

चुनाव के सफल आयोजन पर संतोष व्यक्त करते हुए कुलपति प्रो. नइमा खातून ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों, कैबिनेट सदस्यों और एएमयू कोर्ट के छात्र प्रतिनिधियों को बधाई दी। उन्होंने कहा, “हमारे विद्यार्थियों ने एक बार फिर दिखाया है कि वे लोकतांत्रिक प्रक्रिया को कितना महत्व देते हैं। मुझे इस बात पर गर्व है कि उन्होंने इसमें जिस तरह भाग लिया। निष्पक्षता और सावधानी के साथ चुनाव संपन्न कराने के लिए मैं मुख्य निर्वाचन अधिकारियों, प्रॉक्टर, संकायों के डीन और पूरे विश्वविद्यालय प्रशासन की सराहना करती हूं। मैं अपने शिक्षकों और विद्यार्थियों की भी आभारी हूं, जिनके सहयोग से यह वास्तव में एक सामूहिक प्रयास बन सका। मुझे उम्मीद है कि नवनिर्वाचित प्रतिनिधि ईमानदारी और प्रतिबद्धता के साथ अपने साथी विद्यार्थियों के कल्याण के लिए काम करेंगे।”

प्रो. जावेद तालिब और प्रो. नाजिया हसन ने अपनी-अपनी चुनाव टीमों, मतदान कर्मियों, विश्वविद्यालय अधिकारियों और चुनाव प्रक्रिया को सुचारू एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने में योगदान देने वाले सभी लोगों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने पूरी प्रक्रिया के दौरान उम्मीदवारों, छात्र स्वयंसेवकों और मतदाताओं द्वारा दिए गए सहयोग की भी सराहना की।

प्रॉक्टर प्रो. मोहम्मद नफीस अहमद अंसारी ने चुनाव के दौरान तैनात प्रॉक्टोरियल टीम, सुरक्षा कर्मियों और अन्य कर्मचारियों के समर्पण एवं मेहनत की सराहना की। उन्होंने विद्यार्थियों द्वारा प्रदर्शित अनुशासन, संयम और आपसी सम्मान की भावना की भी प्रशंसा की, जिससे पूरे परिसर में शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने में महत्वपूर्ण मदद मिली। उन्होंने विश्वविद्यालय परिसर के आसपास कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग देने के लिए जिला प्रशासन का विशेष आभार व्यक्त किया।

चुनाव प्रक्रिया के पहले दिन से लेकर परिणाम घोषित होने तक विद्यार्थियों ने पूरा सहयोग दिया। शिक्षकों ने निष्पक्षता के साथ चुनाव प्रक्रिया का मार्गदर्शन किया और विद्यार्थियों ने अनुशासन एवं सद्भाव का परिचय दिया। ये चुनाव एएमयू समुदाय का सामूहिक प्रयास बने, जिसमें शिक्षकों और विद्यार्थियों ने मिलकर अपनी भूमिका निभाई।