इंसाफ की लड़ाई लड़ रहे किसान नेता राजीव यादव का उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं किया जाएगा – वीरेन्द्र यादव
इंसाफ का सवाल उठाने वाले युवाओं की गिरफ्तारी का विरोध करने पर किसान नेता राजीव यादव के घर दबिस
आजमगढ़: किसान नेता राजीव यादव के घर पुलिस की दबिश, वीरेन्द्र यादव ने दी आंदोलन की चेतावनी
Azamgarh News 23 अक्टूबर 2026। कल देर रात सोशलिस्ट किसान सभा महासचिव राजीव यादव के घर घिनहापुर में पुलिस ने छापेमारी की, जिसकी पूर्वांचल किसान यूनियन सहित तमाम किसान संगठनों ने कड़ी निंदा की।
पूर्वांचल किसान यूनियन महासचिव वीरेन्द्र यादव ने कहा कि पुलिस की यह कार्रवाई लोकतंत्र का गला घोटने जैसी है। जो पुलिस सड़क हादसे के दोषियों को पकड़ नहीं पाई, वह रात में किसान नेता राजीव यादव के घर में दबिश देकर डराना चाहती है। किसान नेता पुलिस की धमकी से डरने वाले नहीं हैं। फर्जी मुकदमे में जेल भेजे गए युवाओं के इंसाफ की लड़ाई हर स्तर पर लड़ी जाएगी, चाहे इसके लिए सड़क से लेकर अदालत तक जाना पड़े।
राजीव यादव ने डीएम को सौंपा था ज्ञापन
वीरेन्द्र यादव ने जिला प्रशासन को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि किसान नेताओं का उत्पीड़न किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अगर राजीव यादव और अन्य किसान नेताओं का उत्पीड़न बंद नहीं हुआ और निर्दोष युवाओं पर दर्ज फर्जी मुकदमा वापस नहीं लिया गया तो पूर्वांचल किसान यूनियन बड़े आंदोलन के लिए बाध्य होगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी जिला प्रशासन और पुलिस की होगी।
गौरतलब है कि पिछले दिनों तहबरपुर क्षेत्र के चिरावल गांव के शिवम पाल की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी। शिवम पाल के परिवार को न्याय दिलाने और दोषियों पर कार्रवाई की मांग कर रहे नौजवानों पर ही तहबरपुर थानाध्यक्ष ने नौ गांवों के एकतीस नामजद समेत चालीस-पचास अज्ञात पुरुष-महिलाओं पर नौ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर, आठ युवाओं को जेल भेज दिया। जिसमें ज्यादातर युवा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले हैं। लगातार गांवों में रात के अंधेरे में पुलिस छापेमारी कर माहौल खराब करने का प्रयास कर रही है।
इस फर्जी मुकदमे के सवाल को किसान नेता राजीव यादव ने प्रमुखता से उठाया और जिलाधिकारी आजमगढ़ को ज्ञापन देकर फर्जी मुकदमा वापस लिए जाने की मांग की थी। इससे बौखलाकर पुलिस अब राजीव यादव और सोशलिस्ट किसान सभा के अन्य नेताओं को फर्जी मुकदमे में फंसाने और गुंडा एक्ट-गैंगस्टर की कार्रवाई करने की धमकी दे रही है।