Jamia Student Union Election 2027: 20 साल बाद छात्रसंघ बहाली, मई तक बनेगा JMISU संविधान

Jamia में छात्रसंघ बहाली का रास्ता साफ, 15 मई 2027 तक बनेगा संविधान; नए सत्र के छह सप्ताह में होंगे चुनाव

नई दिल्ली: जामिया मिल्लिया इस्लामिया (JMI) में करीब दो दशक बाद छात्रसंघ की बहाली और चुनाव कराने का रास्ता साफ होता नजर आ रहा है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने गुरुवार, 29 अक्टूबर को छात्रसंघ के संविधान को मंजूरी देने और चुनाव कराने की समय-सीमा घोषित कर दी। इसके साथ ही पिछले करीब दो सप्ताह से जारी छात्रों का आंदोलन समाप्त हो गया। प्रदर्शनकारी छात्रों ने इसे अपने अधिकारों की जीत बताया।

विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार कार्यालय की ओर से जारी आदेश के मुताबिक, जामिया मिल्लिया इस्लामिया स्टूडेंट्स यूनियन (JMISU) का संविधान 15 मई 2027 तक मंजूर कर लागू किया जाएगा। इसके बाद नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत के लगभग छह सप्ताह के भीतर छात्रसंघ चुनाव कराए जाएंगे। नए सत्र की शुरुआत संभावित रूप से 16 जुलाई 2027 के आसपास हो सकती है। इस समय-सीमा के अनुसार चुनाव अगस्त 2027 के आसपास होने की संभावना है।

छात्रों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई वापस लेने का फैसला

विश्वविद्यालय प्रशासन ने आंदोलन में शामिल छात्रों के खिलाफ जारी सभी कारण बताओ नोटिस और अनुशासनात्मक कार्यवाही वापस लेने का भी फैसला किया है। आदेश में निष्कासन और निलंबन से जुड़े फैसलों के साथ-साथ परिसर में प्रवेश पर लगाई गई पाबंदियां हटाने की बात कही गई है।

इससे पहले 26 अक्टूबर को प्रशासन की ओर से जारी आदेश में कहा गया था कि छात्रसंघ का संविधान मंजूर होने के 15 दिन बाद चुनाव कराए जाएंगे। हालांकि, प्रदर्शनकारी छात्रों ने इस प्रस्ताव को अपर्याप्त बताते हुए विरोध जारी रखा था। उनकी मुख्य मांग थी कि संविधान तैयार करने और चुनाव कराने की स्पष्ट समय-सीमा घोषित की जाए।

18 दिनों की भूख हड़ताल के बाद आंदोलन समाप्त

आंदोलन के दौरान कुछ छात्र भूख हड़ताल पर भी बैठे थे। छात्र Ebin Basil 18 दिनों से और Rehan Mewati 15 दिनों से भूख हड़ताल पर थे। प्रशासन के नए आदेश के बाद छात्रों ने इसे आंदोलन की जीत बताया और परिसर में जश्न मनाया।

छात्रों की मांग थी कि छात्रसंघ का संविधान तय समय में तैयार किया जाए और लिंगदोह समिति की सिफारिशों के अनुरूप चुनाव कराए जाएं। प्रशासन ने अब संविधान की मंजूरी और चुनाव की समय-सीमा को लेकर स्पष्ट कार्यक्रम जारी किया है।

Jamia Student Union Restoration 2027

8 नवंबर से ऑफलाइन होंगी कक्षाएं और परीक्षाएं

जामिया प्रशासन ने यह भी घोषणा की है कि 8 नवंबर से कक्षाएं और परीक्षाएं फिर से परिसर में ऑफलाइन मोड में शुरू होंगी। छात्रों के आंदोलन के दौरान विश्वविद्यालय ने 24 अक्टूबर के नोटिस के बाद शैक्षणिक गतिविधियों को ऑनलाइन कर दिया था।

गौरतलब है कि जामिया मिल्लिया इस्लामिया में वर्ष 2006 में छात्रसंघ भंग कर दिया गया था। इसके बाद से विश्वविद्यालय में छात्रसंघ चुनाव नहीं हुए हैं। करीब 20 साल बाद अब छात्रसंघ की बहाली और चुनाव की प्रक्रिया के लिए समय-सीमा तय की गई है।

Related News